

ऋषिकेश
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर द हिमाद्री फाउंडेशन ने पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा और युवा सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 50 किलोमीटर लंबी बाइक राइड का सफल आयोजन किया। ऋषिकेश सिटी सेंटर से मालदेवता नीदम रिसॉर्ट तक आयोजित इस अनुशासित बाइक राइड में 120 राइडर्स ने हिस्सा लिया।
प्रशासनिक अनुमति से आयोजित इस राइड का शुभारंभ ऋषिकेश के कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट और भरत मंदिर के महंत वत्सल शर्मा ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। कोतवाल यशपाल सिंह बिष्ट ने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया और फाउंडेशन के सामाजिक प्रयासों की सराहना की।
वाइल्डलाइफ कॉरिडोर बचाने की उठी मांग
राइड नटराज चौक से होकर सात मोड़ पहुंची, जहां राइडर्स और फाउंडेशन ने शासन-प्रशासन से वाइल्डलाइफ कॉरिडोर को सुरक्षित रखने की मांग की। संस्था ने अपील की कि विकास योजनाएं इस प्रकार तैयार की जाए जिससे न्यूनतम पेड़ काटने पड़ें और वन्यजीवों का प्राकृतिक आवास सुरक्षित रहे। इसके बाद राइड थानों और देहरादून के मार्गों से होते हुए मालदेवता पहुंची।
पर्यावरणविद् डॉ. अनिल प्रकाश जोशी की गरिमामयी उपस्थिति
गंतव्य स्थल नीदम रिसॉर्ट में पद्म श्री व पद्म भूषण सम्मानित डॉ. अनिल प्रकाश जोशी (संस्थापक, हेस्को) और प्रसिद्ध पर्यावरणविद् श्रीमती रेनू पॉल का स्वागत किया गया। अतिथियों ने ध्वजारोहण कर युवाओं को देश, समाज और धारणीय विकास के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी।
राइडर्स हुए सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में सभी 120 राइडर्स को उपहार व सम्मान प्रतीक देकर सम्मानित किया गया। फाउंडेशन के इस प्रयास ने स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के साथ-साथ प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण का एक अनूठा संदेश समाज को दिया।
