

ऋषिकेश
ऋषिकेश के आमबाग क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का मंजर देखने को मिला है। तेजी से डिलीवरी करने की होड़ में दौड़ रहे एक ब्लिंकिट बॉय ने सड़क पर जा रही दूसरी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में दोनों बाइक सवारों को मामूली चोटें आईं और एक बड़ा हादसा टल गया। यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थानीय निवासियों ने इस वीडियो को शेयर करते हुए क्षेत्र के लोगों से सड़क पर चलते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों का कहना है कि आमबाग क्षेत्र में इस तरह का हादसा पहली बार नहीं हुआ हैं। आए दिन तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति हो रही है। जिससे सड़क पर पैदल चलने वालों और अन्य वाहन चालकों की जान हर वक्त खतरे में बनी है। क्षेत्रवासियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि क्षेत्र में रफ्तार का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है, और इनमें से अधिकांश हादसों के लिए डिलीवरी बॉय जिम्मेदार हैं। कम से कम समय में सामान पहुंचाने की होड़ लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। डिलीवरी बॉयज पर तय समय में ऑर्डर पहुंचाने का दबाव रहता है। जिसकी वजह से वे संकरी और व्यस्त सड़कों पर भी अंधाधुंध गति से गाड़ियां दौड़ाते हैं। कहना है कि जल्दी डिलीवरी की आड़ में आम लोगों की सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस और प्रशासन को तुरंत इस मामले में संज्ञान लेना चाहिए और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाने वाले डिलीवरी बॉयज के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए। बता दे कि बलिंकिट के अलावा शहर में पिज़्ज़ा डिलीवरी बॉय भी सीमित समय में डिलीवरी देने के लिए दोपहिया वाहनों को तेज गति से दौड़ते हुए नजर आते हैं।।
