

ऋषिकेश
ऋषिकेश में वीरभद्र रोड स्थित एक मेडिकल स्टोर में तोड़फोड़, कब्जा करने की कोशिश, आग लगाने के प्रयास और 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सात आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक आपका साईं मेडिकोज आवास विकास के प्रोपराइटर प्रदीप सेमवाल ने पुलिस को तहरीर दी। आरोप लगाया कि दुकान मालिक मुकेश राणाकोटी ने अप्रैल 2026 में बिना किसी पूर्व सूचना या अनुबंध समाप्त किए दुकानों का विक्रय पत्र राजन रमोला के नाम कर दिया। जबकि उन्होंने 1 मार्च 2023 को 28 फरवरी 2028 तक के लिए दो दुकानें किराये पर ली है। जिसके लिए 6 लाख रुपये सिक्योरिटी और 40 हजार रुपये मासिक किराया तय है। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने पहले दुकान का ताला तोड़कर कब्जा करने की कोशिश की। दूसरी बार मे शटर में तोड़फोड़ की। आरोप यह भी है कि इसके बाद राजन रमोला, हेमंत रावत, अभिषेक ग्रोवर, अभिजीत, दीक्षित व अन्य आरोपी लोहे की रॉड और डीजल का कैन लेकर दुकान पर पहुंचे। आरोपियों ने दवाओं को नुकसान पहुंचाया, गाली-गलौज की और जान से मारने की नीयत से डीजल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने दुकान खाली न करने पर 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और रकम न देने पर दुकान समेत जिंदा जलाने की धमकी दी। हर घटना के बाद उन्होंने 112 कंट्रोल रूम को सूचना देकर पुलिस को भी मौके पर बुलाया। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच शुरू कर दी गई है। जो तथ्य मिलेंगे उस आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
