

ऋषिकेश
GRP ऋषिकेश की त्वरित और संवेदनशील कार्रवाई के चलते मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला सुरक्षित अपने परिवार से मिल सकी है। जानकारी के मुताबिक जीआरपी को सूचना मिली कि योग नगरी रेलवे स्टेशन पर एक महिला काफी देर से बिना किसी गंतव्य के संदिग्ध और मानसिक रूप से अस्वस्थ अवस्था में घूम रही है। सूचना मिलते ही योग नगरी रेलवे स्टेशन चौकी प्रभारी अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और महिला को सुरक्षित स्टेशन पोस्ट पर लाए। जीआरपी द्वारा बेहद संवेदनशीलता से पूछताछ करने पर महिला ने अपना नाम दिलशाना 22 वर्ष पत्नी शौकीन निवासी ग्राम नौजुली थाना गागालहेड़ी, जनपद सहारनपुर, उत्तर प्रदेश बताया। महिला ने अपने पिता का नाम अयूब और भाई का मोबाइल नंबर साझा किया। नंबर पर संपर्क करने पर महिला के भाई इंतजार से बात हुई, जिसने बताया कि दिलशाना मानसिक रूप से अस्वस्थ है और घर से बिना बताए कहीं निकल गई थी। परिजनों को जैसे ही उसकी ऋषिकेश में होने की जानकारी मिली, वे तुरंत उसे लेने के लिए रवाना हो गए। परिजनों के पहुंचने तक महिला को महिला कांस्टेबल की देखरेख में सुरक्षित और आरामदायक माहौल में रखा गया। कुछ समय बाद महिला के पिता अयूब, भाई इंतजार और अन्य परिजन स्टेशन पहुंचे। जीआरपी द्वारा आवश्यक सत्यापन और औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद सुपुर्दगीनामा तैयार कर दिलशाना को उसके परिवार को सौंप दिया गया। अपनी बेटी को सकुशल पाकर परिजनों के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने जीआरपी ऋषिकेश पुलिस की त्वरित कार्रवाई, संवेदनशीलता और मानवीय दृष्टिकोण के लिए पूरी टीम की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए दिल से आभार व्यक्त किया। जीआरपी पुलिस प्रशासन ने संदेश दिया है कि वे आमजन की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर हैं। रेलवे परिसर में यदि कोई असहाय, भटकता हुआ या मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति दिखाई दे, तो तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी या जीआरपी पोस्ट को सूचित करें ताकि समय रहते किसी अनहोनी को रोका जा सके और जरूरतमंद की मदद की जा सके।
