

उधमसिंहनगर
उधम सिंह नगर में कोतवाली ट्रांजिट कैम्प पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शिवनगर स्थित एक निर्माणाधीन मकान में मिले अज्ञात युवक के शव के अंधी हत्या की गुत्थी को पुलिस ने महज कुछ ही समय में सुलझाते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पांच हजार रुपए की चोरी के संदेह में रंजिश रखते हुए दोस्त ने ही साजिश रचकर अपने साथी को मौत के घाट उतारा था। मामले का खुलासा करते हुए पुलिस कप्तान अजय गणपति ने बताया कि घटना 31 जुलाई की है। मृतक की पहचान अनिल कुमार निवासी ठाकुर नगर, ट्रांजिट कैंप के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि युवक की मृत्यु गला दबाने से हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के दिन अनिल ने अपने तीन दोस्तों के साथ आजाद नगर में शराब पी थी। दो दोस्त रोहित राजपूत और विजय शराब पीकर चले गए। इसके बाद अनिल का करीबी दोस्त सुनील कुमार उर्फ इक्का षड्यंत्र के तहत अनिल को शिवनगर स्थित निर्माणाधीन मकान में ले गया। वहां उसने अनिल को और शराब पिलाई और फिर लकड़ी की फंटी व ईंट से उस पर हमला कर दिया। अंत में मौके पर पड़ी रस्सी से गला दबाकर उसकी निर्मम हत्या कर दी। सुनील कुमार ने बताया कि उसे शक था कि अनिल ने उसके पांच हजार चोरी कर लिए हैं। इसी रंजिश के चलते उसने इस खौफनाक वारदात की साजिश रची और अपने दोस्त की हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई रस्सी और ईंट का टुकड़ा बरामद कर लिया है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से रक्तरंजित नमूने और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाकर जांच के लिए भेज दिए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
