

ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश में आवारा सांडों और लावारिस पशुओं के कारण लगातार हो रहे हादसों को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। आज समाजसेवी सुधीर रॉय के नेतृत्व में आक्रोशित लोगों ने आवारा पशुओं से ऋषिकेश बचाओ अभियान के तहत नगर निगम का घेराव किया। ढोल नगाड़े बजाकर नगर निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रदर्शन करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए। मौके पर प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सड़कों पर घूम रहे आवारा पशुओं से आम लोगों और बच्चों को जान का खतरा बना हुआ है। इसलिए ढोल बजाकर सोए हुए नगर निगम प्रशासन को जगाने की कोशिश की जा रही है। जिससे वह समस्या की गंभीरता को समझ सके। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट को ज्ञापन सौंपा।

समाजसेवी सुधीर रॉय, जयेंद्र रमोला और अन्य नागरिकों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द से जल्द इस समस्या का स्थाई समाधान नहीं निकाला गया, तो वह उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सहायक नगर आयुक्त चंद्रकांत भट्ट ने बताया कि नगर निगम आवारा पशुओं की समस्या को लेकर गंभीर है।

रायवाला में 1 हेक्टेयर भूमि पर कांजी हाउस बनाने की प्रक्रिया गतिमान है।कांजी हाउस के निर्माण के लिए बजट से जुड़ी फाइल शासन स्तर पर अंतिम प्रक्रिया में है।बजट स्वीकृति मिलते ही कांजी हाउस का निर्माण कार्य तेजी से शुरू करा दिया जाएगा।
