oplus_2097154

ऋषिकेश
लाल बीट वन क्षेत्र में वन विभाग और पूर्व मेयर अनिता ममगाई के संयुक्त तत्वाधान में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाए रखने के संकल्प के साथ उपस्थित सभी लोगों को वृक्षों के संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व मेयर अनिता ममगाई द्वारा पौधा रोपित कर किया गया। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मिलकर नीम, पीपल, बरगद, अशोक सहित विभिन्न प्रकार के फलदार और छायादार पौधे लगाए। इस मौके पर वन विभाग के अधिकारियों ने उपस्थित जनसमुदाय को जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण नियंत्रण और वनों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
प्रधानमंत्री के विजन को बढ़ाना है आगे: अनिता ममगाई
इस अवसर पर पूर्व मेयर अनिता ममगाई ने वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का असली आधार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण के विजन को आगे बढ़ाने के लिए हम सभी को वृक्षारोपण को अपनी दिनचर्या और आदत में शामिल करना होगा। आज जो शपथ हमने ली है, वह हमें आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, सुरक्षित और हरा-भरा भविष्य सौंपने की प्रेरणा देगी।
पौधों को लगाने के साथ सुरक्षा भी जरूरी: वन विभाग
वन विभाग के अधिकारी सुनील भदुला ने बताया कि विभाग द्वारा जिले भर में निरंतर वृक्षारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने स्थानीय नागरिकों से अपील की कि वे केवल पौधे लगाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनकी सुरक्षा और उचित देखभाल भी सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में पार्षद राजेश कोटियाल, वन दरोगा प्रतिमा, वन दरोगा अवतार सिंह रावत, रोशन ध्यानी, ममता रावत, राखी बिष्ट, वन आरक्षी अंशु, ज्योति व अरविन्द सिंह, और वृक्षारोपण चौकीदार वासुदेव व प्रिंस सहित कई गणमान्य लोग और सामाजिक कार्यकर्ता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
