
देवप्रयाग
जनपद टिहरी गढ़वाल के विकासखण्ड देवप्रयाग के अंतर्गत ग्राम पंचायत चाका पिछवाड़ा में एक बेहद संवेदनशील और सुरक्षा से जुड़ा मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव में देर रात हथियारों के साथ आए अज्ञात संदिग्धों द्वारा उत्तराखंड के लोक गायक पवन सेमवाल को जान से मारने की धमकी देने और माहौल खराब करने के मामले में एक महीना बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। पुलिस की इस कार्यप्रणाली से नाराज ग्राम प्रधान अमिता सेमवाल ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन शुरू करने की लिखित चेतावनी दी है। ग्राम प्रधान ने आज हिण्डोलाखाल थाना अध्यक्ष को दिए पत्र में आरोप लगाते हुए बताया कि बीती 31 मई की रात लगभग ढाई बजे एक वाहन से महिला सहित दो लोग गांव में पवन सेमवाल के घर के नीचे आकर रुके। उनके हाथों में धारदार हथियार और डंडा था। जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया। रात के सन्नाटे में संदिग्ध वाहन और लोगों को देखकर ग्राम प्रधान और गांव के ग्राम प्रहरी तुरंत मौके पर पहुंचे। जब उन दोनों से इतनी रात को गांव में आने और हथियार लहराने का कारण पूछा, तो वे भड़क गए। उन्होंने सरेआम पवन सेमवाल को जान से मारने की धमकी दी और विरोध करने पर ग्रामीणों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए भद्दी-भद्दी गालियां दीं। इसके बाद जब गांव के अन्य लोग भी वहां एकत्रित होने लगे और विरोध व शोर-शराबा बढ़ा, तो दोनों पकड़े जाने के डर से वाहन में सवार होकर मौके से फरार हो गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए पवन सेमवाल ने 31 मई को थाना हिण्डोलाखाल में लिखित तहरीर दी। आरोप है कि एक महीना बीत जाने के बाद भी पुलिस ने मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नही की। पुलिस के इस ढुलमुल रवैये से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और वे अपनी सुरक्षा को लेकर आशंकित हैं। ग्राम प्रधान ने थाना अध्यक्ष को अल्टीमेटम देते हुए स्पष्ट कहा है कि यदि अगले 15 दिनों के भीतर इस संवेदनशील घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो समस्त ग्रामीण थाना हिण्डोलाखाल के विरुद्ध उग्र आंदोलन और प्रदर्शन करने के लिए विवश होंगे। जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
