
ऋषिकेश
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के अल्मोड़ा में आयोजित प्रांत अभ्यास वर्ग में संगठन की नवीन दायित्वों की घोषणा की गई है। 20 से 23 जून 2026 तक चले इस चार दिवसीय अभ्यास वर्ग के समापन पर ऋषिकेश जिले के कई कर्मठ कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
नवीन घोषणा के अनुसार, रामगोपाल रतूड़ी को उनकी सांगठनिक कुशलता को देखते हुए पुनः जिला प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, युवा कार्यकर्ता सक्षम चौहान को जिला संयोजक मनोनीत किया गया है। इसके अलावा, सोनिया राणा को जिला छात्रा प्रमुख तथा मनु प्रताप सिंह को जिला संगठन मंत्री का महत्वपूर्ण दायित्व प्रदान किया गया है।
छात्र हित और राष्ट्र निर्माण का लिया संकल्प
नई जिम्मेदारियां मिलने पर सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। नव-मनोनीत पदाधिकारियों ने साझा बयान में कहा कि हम परिषद की विचारधारा और संगठनात्मक उद्देश्यों को लेकर पूर्ण निष्ठा व समर्पण के साथ कार्य करेंगे। आगामी समय में छात्र हित, शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, राष्ट्र निर्माण तथा सामाजिक दायित्वों के विभिन्न आयामों पर परिषद के कार्यों को धरातल पर और अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जाएगा।
अभ्यास वर्ग में आगामी कार्ययोजना पर मंथन
अल्मोड़ा में आयोजित इस प्रांत अभ्यास वर्ग के दौरान संगठन विस्तार, कार्यकर्ता विकास, छात्र समस्याओं के त्वरित समाधान तथा आगामी सत्र की कार्ययोजना को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। परिषद के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने ऋषिकेश जिले की इस नई टीम को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इन ऊर्जावान चेहरों के नेतृत्व में ऋषिकेश जिला संगठन नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और छात्रों की आवाज को प्रखरता से बुलंद करेगा।
