
पौड़ी
सोशल मीडिया पर ‘हीरो’ बनने और रील चमकाने के चक्कर में आजकल के युवा अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं। ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला जिला अस्पताल पौड़ी से सामने आया है, जहां एक युवक को अस्पताल परिसर के भीतर ही बाइक दौड़ाना भारी पड़ गया। मामले का वीडियो वायरल होने के बाद पौड़ी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर उसकी हेकड़ी निकाल दी है।
अस्पताल परिसर को बना दिया ‘रेसिंग ट्रैक’
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें एक युवक जिला अस्पताल पौड़ी के शांत और संवेदनशील परिसर में अंधाधुंध तरीके से बाइक राइडिंग करता हुआ दिखाई दे रहा था। तीमारदारों और मरीजों की आवाजाही वाले इस क्षेत्र में युवक लापरवाही से बाइक दौड़ाकर हुड़दंग मचा रहा था।
पुलिस ने लिया त्वरित संज्ञान, वाहन सीज
वीडियो सामने आते ही पौड़ी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस टीम ने तत्काल जांच शुरू की और वीडियो के आधार पर हुड़दंगी युवक की पहचान की। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। सार्वजनिक स्थान पर लापरवाही बरतने, शांति व्यवस्था भंग करने और यातायात नियमों का सरेआम उल्लंघन करने पर पुलिस ने सख्त एक्शन लिया। आरोपी की बाइक को मौके पर ही सीज कर दिया गया है और युवक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की अपील: रील के चक्कर में न बनें ‘जीरो’
पौड़ी पुलिस ने इस कार्रवाई के जरिए युवाओं को सख्त संदेश दिया है। पुलिस का कहना है कि अस्पताल जैसी संवेदनशील जगहों पर इस तरह की अराजकता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सोशल मीडिया पर चंद लाइक्स के लिए खुद को कानून के शिकंजे में न फंसाएं।
