
ऋषिकेश
ऋषिकेश विधानसभा के खदरी ग्राम सभा में आयोजित ‘जनता मिलन कार्यक्रम’ में स्थानीय जनता, कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने ऋषिकेश विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल का जोरदार और भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने क्षेत्रवासियों की समस्याओं को बेहद गंभीरता से सुना और उनके त्वरित निस्तारण का भरोसा दिलाया। क्षेत्र में बाढ़ की समस्या पर बात करते हुए डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि बाढ़ सुरक्षा के लिए चैनेलाइजेशन का काम बेहद जरूरी है। तटबंध टूटने की स्थिति को देखते हुए चैनेलाइजेशन का कार्य शुरू करा दिया गया है। इसके साथ ही उन्होंने बाढ़ सुरक्षा के कार्यों को और मजबूती देने के लिए अपनी विधायक निधि से 21 लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की। डॉ. अग्रवाल ने दोहराया कि वे क्षेत्र के समग्र विकास और जनकल्याण के लिए लगातार प्रतिबद्ध हैं। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्यामपुर मंडल अध्यक्ष चंद्र मोहन पोखरियाल ने विधायक के प्रयासों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि डॉ. अग्रवाल के अथक प्रयासों का ही नतीजा है कि आज क्षेत्र में बिना किसी मांग के भी करोड़ों रुपये की लागत से सीवरेज लाइन बिछाने का काम तेजी से चल रहा है। इसके लिए समस्त क्षेत्रवासी विधायक जी के दिल से आभारी हैं। खदरी ग्राम सभा के पूर्व ग्राम प्रधान स्वरूप सिंह पुंडीर ने डॉ. अग्रवाल के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि क्षेत्र में बिजली, पानी और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने दावा किया कि विकास कार्यों को देखते हुए क्षेत्र की जनता आगामी चुनाव में पुनः डॉ. अग्रवाल को विधायक बनाने का मन पूरी तरह से बना चुकी है। इस अवसर पर पंचायत सदस्य वीपीन रावत, मंडल महामंत्री पंकज जुगलान, मेदनी रयाल, मोहन रावत, मनीराम रयाल, सुंदरमणी शास्त्री, लाखीराम रतूड़ी, बृजमोहन कंडवाल, चंदन सिंह नेगी, लक्ष्मी पुरवाल, राखी बलूनी, गुड्डी देवी चौहान, उषा जेठूड़ी, संतोषी चौहान सहित भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
