
देहरादून (सहसपुर)
सहसपुर थाना क्षेत्र के बैरागीवाला गांव में खेत में पानी चलाने को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में नामजद 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। एसएसपी देहरादून ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। जानकारी के अनुसार, बैरागीवाला गांव में दो पक्षों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। बीते दो-तीन दिनों से खेत में पानी छोड़ने को लेकर उनके बीच कहासुनी भी हुई थी। 13 जून की शाम को यह विवाद अचानक उग्र हो गया। एक पक्ष से रज्जाक, अमन, यूनूस, जावेद, इम्तियाज, शहबाज, शराफत अली, मासूम, आदिल, शमून, सलमान, इन्तेजार और करीब 30-40 अन्य लोगों ने दूसरे पक्ष के तीन भाइयों पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में अशोक कुमार, विनोद कुमार और राजेश कुमार तीनों पुत्र भगवत प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने आनन-फानन में तीनों घायलों को इलाज के लिए लेहमन अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान विनोद कुमार ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक के भाई अशोक कुमार की तहरीर पर कोतवाली सहसपुर में 12 नामजद आरोपियों और 30-40 अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए तत्काल अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल 4 मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनमे रज्जाक पुत्र मासूम, सलमान पुत्र युनुस, जावेद पुत्र मासूम, शहबाज पुत्र शहीद सभी निवासी बैरागीवाला, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून शामिल है। पुलिस टीम अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। एसएसपी देहरादून का कहना है कि आमजन कृपया क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखें। दून पुलिस इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। आरोपियों को कोर्ट से कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस प्रभावी पैरवी करेगी।
