
मुनिकीरेती
उत्तराखंड के देवभूमि में मेहमानों (पर्यटकों) की सुरक्षा और सम्मान को ठेस पहुंचाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। ऋषिकेश के प्रसिद्ध शिवपुरी राफ्टिंग क्षेत्र में मुंबई से घूमने आए पर्यटकों के साथ राफ्टिंग गाइड और उसके सहयोगियों द्वारा गाली-गलौज, अभद्रता और बेरहमी से मारपीट की गई। हमले में एक पर्यटक के सिर पर गंभीर चोट आई है। पीड़ित की तहरीर पर मुनि की रेती थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान के मुताबिक यह घटना शुक्रवार 12 जून की है। मुंबई से आया पांच पर्यटकों का एक दल राफ्टिंग के लिए शिवपुरी पहुंचा। आरोप है कि राफ्टिंग गाइड ने बदतमीजी से लाइफ जैकेट पर्यटकों पर फेंकी और पहनने के लिए कहा। इस बात को लेकर राफ्टिंग गाइड और उसके हेल्परों से पर्यटकों की कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गाइड और उसके साथियों ने पर्यटकों को अपशब्द कहने शुरू कर दिए। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पर्यटकों पर हमला कर दिया और उन्हें लाठी-डंडों से पीटा। इस मारपीट में एक पर्यटक के सिर पर गहरी चोट आई है। जिससे वह लहूलुहान हो गया। अन्य पर्यटकों को भी चोटें आई हैं। तहरीर में यह भी कहा गया है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने पर्यटकों को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित सौरभ ने मुनि की रेती थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मामले की जांच कर रहे शिवपुरी चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कप्तान श्वेता अग्रवाल ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि जनपद पुलिस पर्यटकों की सुरक्षा और सम्मान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी स्थानीय व्यक्ति, गाइड या व्यवसायी द्वारा पर्यटकों के साथ अभद्र व्यवहार, मारपीट या कानून व्यवस्था को हाथ में लेने का प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
