
ऋषिकेश
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयेंद्र रमोला और राकेश मियां के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ऋषिकेश कोतवाली पहुंचकर पुलिस को एक ज्ञापन सौंपा है। यह शिकायत सोशल मीडिया पर प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के खिलाफ किए जा रहे कथित दुष्प्रचार को लेकर दी गई है। शिकायतकर्ताओं के अनुसार वसूली अभियान मोर्चा नामक एक सोशल मीडिया आईडी द्वारा गणेश गोदियाल के पुराने बयानों और वीडियो को गलत तरीके से एडिट कर एक भ्रामक और झूठा वीडियो जारी किया गया है। जयेंद्र रमोला ने बताया कि यह एडिटेड वीडियो बापू ग्राम में चल रहे जन-आंदोलन के दौरान दिए गए बयान से छेड़छाड़ कर तैयार किया गया है, ताकि नेताओं की छवि को नुकसान पहुंचाया जा सके। पुलिस को सौंपे गए ज्ञापन में इस सोशल मीडिया अकाउंट के एडमिन और इसके पीछे शामिल तत्वों की पहचान करने के लिए साइबर सेल से जांच कराने की मांग की गई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि पूर्व में देहरादून में डीजीपी और एसएसपी से मिलने के बावजूद इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस पर सख्त कदम नहीं उठाए गए, तो वे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। जयेंद्र रमोला ने बताया कि उनके वरिष्ठ नेताओं को बदनाम करने के लिए लगातार एडिटेड पोस्ट डाली जा रही हैं। साइबर पुलिस की मदद से इस फर्जी आईडी के एडमिन का पता लगाना बेहद आसान है। अगर इस बार भी कार्रवाई नहीं हुई, तो हम बड़ा आंदोलन करेंगे जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
