
ऋषिकेश
उत्तराखंड राज्य और यहां के स्थानीय निवासियों के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र व भड़काऊ टिप्पणी करने वालों के खिलाफ ऋषिकेश पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। हाल ही में ऋषिकेश क्षेत्र में पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच हुई मारपीट के विवाद के बाद, सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शिकायतकर्ता नरेश उनियाल निवासी ग्राम घमंडपुर, रानीपोखरी द्वारा ऋषिकेश पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार बीती 20 मई को ऋषिकेश क्षेत्र में कैथल हरियाणा से आए कुछ पर्यटकों और स्थानीय लोगों के बीच विवाद और मारपीट की घटना हुई थी। इस घटना के बाद विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कई व्यक्तियों द्वारा उत्तराखंड के मूल निवासियों और क्षेत्र विशेष के खिलाफ अत्यंत अभद्र और धमकी भरी टिप्पणियां पोस्ट की जा रही हैं। तहरीर में आरोप लगाया गया कि इन भड़काऊ पोस्ट्स के जरिए लोगों की धार्मिक और क्षेत्रीय भावनाओं को आहत करने, सामाजिक वैमनस्य फैलाने और उत्तराखंड की छवि को धूमिल करने का सोचा-समझा प्रयास किया जा रहा है। इससे क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित होने और उत्तराखंड व हरियाणा राज्य के आम जनमानस के बीच आपसी सौहार्द बिगड़ने का खतरा पैदा हो गया है। कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक भारत सिंह रावत ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए ऋषिकेश पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
