
ऋषिकेश
उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और भावनात्मक रिश्तों पर आधारित बहुप्रतीक्षित उत्तराखंडी फीचर फिल्म तेरी माया आगामी शुक्रवार, 29 मई से ऋषिकेश के रामा पैलेस सिनेमा हॉल में प्रदर्शित होने जा रही है। फिल्म का प्रदर्शन रोजाना सुबह 10:30 बजे के शो में किया जाएगा।

बुधवार को अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के देहरादून रोड स्थित कार्यालय में इस फिल्म के पोस्टर का भव्य लोकार्पण किया गया। पोस्टर विमोचन महासभा के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी, उत्तराखंडी फ़िल्म अभिनेता रणवीर सिंह चौहान, समाजसेवी धीरज सिंह और फ़िल्म की स्टार कास्ट द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

संस्कृति और पहाड़ की मिट्टी से जुड़ी है कहानी
लोकार्पण के अवसर पर डॉ. राजे नेगी ने बताया कि लगनी फिल्म्स के बैनर तले निर्मित इस फिल्म को देहरादून में दर्शकों का भरपूर प्यार और आशीर्वाद मिला है। उन्होंने कहा कि तेरी माया केवल एक फिल्म नहीं है, बल्कि यह प्यार, त्याग, रिश्तों और पहाड़ की मिट्टी से जुड़ी भावनाओं की एक संवेदनशील कहानी है, जो दर्शकों को अपनी संस्कृति और जड़ों से जोड़ने का प्रयास करती है। डॉ. नेगी ने ऋषिकेश और आसपास के सभी प्रबुद्ध दर्शकों से अपील की है कि वे अपने परिवार के साथ सिनेमाघर पहुंचकर फिल्म का आनंद लें और उत्तराखंडी सिनेमा को अपना मजबूत समर्थन दें।
फिल्म की मुख्य टीम और कलाकार
इस फिल्म के निर्माण और अभिनय में उत्तराखंड जगत के कई दिग्गजों ने योगदान दिया है।

निर्माता: अवध नारायण प्रसाद
लेखक एवं निर्देशक: संजय सिंह नेगी
संगीत एवं गीत: संगीत निर्देशन रणजीत सिंह ने किया है, जबकि गीत खुद संजय सिंह नेगी ने लिखे हैं।
तकनीकी टीम: छायांकन (DOP) मनोज सती, संपादन दर्श चितरोड़ा एवं हेमंत चव्हाण, मुख्य सहायक लेखक हेमचंद्र सिंह रावत, मुख्य सहायक निर्देशक जगतार सिंह कलवाना और डांस मास्टर अरुण फरासी हैं।

गायक कलाकार: फिल्म के गीतों को साहब सिंह रमोला, आकांक्षा रमोला, सुरेश काला, अमित खरे, अंजली खरे और सविता पर्सवान ने अपने मधुर स्वर से सजाया है।
मुख्य अभिनय कलाकार: फिल्म में मुख्य भूमिकाओं में अभिनेता सावन गैरोला, अभिनेत्री भावना कांडपाल, साक्षी काला, अभिनेता पन्नू गुसाईं, नताशा शाह, मोहित घिल्डियाल, प्राची पंवार, सुमन गौड़, जसविक अरोरा, राजेश जोशी, अजय सिंह बिष्ट, सोहन सिंह गुसाईं, शूरवीर पंवार, दौलत राणा, वीरेंद्र सिंह भंडारी, अशोक नेगी, अमन रौतेला, यशवीर नेगी और आरुषि धनाई शामिल हैं।

इस पोस्टर लोकार्पण के खास मौके पर समाजसेवी रोशन उपाध्याय, स्वेता शर्मा, मनोज सती, हेमचन्द्र सिंह रावत, मनोज नेगी और अलका बिष्ठ समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
“तेरी माया” — एक ऐसी कहानी, जो सिर्फ देखी नहीं… महसूस की जाती है।
