
ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट के समीप नाव घाट पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। यहां अपने दोस्तों के साथ गंगा स्नान करने आया देहरादून का एक 17 वर्षीय किशोर अचानक गहरे पानी में जाने से डूब गया। घटना के बाद से मौके पर हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर किशोर की तलाश में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डूबने वाले किशोर की पहचान आयुष थापा के रूप में हुई है, जो देहरादून का रहने वाला है और कक्षा 11 का छात्र है। रविवार की सुबह करीब 7:45 बजे आयुष अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ ऋषिकेश पहुंचा था। त्रिवेणी घाट के पास नाव घाट पर सभी दोस्त गंगा में नहा रहे थे, तभी अचानक आयुष का संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर गंगा में डूब गया। बताया जा रहा है कि आयुष और उसके दोस्त यहां किसी बात की खुशी मनाने और घूमने आए थे। लेकिन पल भर में ही खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। हादसे के बाद से आयुष के साथ आए दोस्त बेहद डरे और सहमे हुए हैं। त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी विनेश कुमार और एसडीआरएफ के इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण ने बताया कि घटना सुबह करीब पौने आठ बजे की है। स्थानीय गोताखोरों, जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार गंगा में रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। किशोर के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जो देहरादून से ऋषिकेश के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस ने एक बार फिर घाटों पर आने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे गंगा के तेज बहाव और गहरे पानी में जाने से बचें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।
