
ऋषिकेश
मुनिकीरेती क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा सामने आया है। ढाबे में सिलेंडर लगाते समय हुए गैस रिसाव के कारण अचानक आग लग गई। इस दुर्घटना में ढाबा संचालक और उनकी पत्नी गंभीर रूप से झुलस गए हैं। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। सोमवार सुबह करीब दस बजे मुनिकीरेती स्थित एक ढाबे में सिलेंडर को भट्टी में जोड़ा जा रहा था। इसी दौरान अचानक गैस का रिसाव होने लगा और नजदीक ही जल रही दूसरी भट्टी के संपर्क में आते ही ढाबे में भीषण आग लग गई।
आग की चपेट में आने से ढाबा संचालक 50 वर्षीय प्रमोद और उनकी 30 वर्षीय पत्नी निविता निवासी खारास्रोत (मुनिकीरेती) बुरी तरह झुलस गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा दमकल विभाग को जानकारी दी। स्थानीय लोगों की मदद से झुलसे दंपत्ति को तुरंत सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना पाकर दमकल कर्मी भी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद सिलेंडर में लगी आग पर काबू पाया। सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बताया कि आग की चपेट में आने से निविता करीब 45 प्रतिशत और प्रमोद लगभग 30 प्रतिशत तक झुलस गए हैं। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसके चलते उन्हें उच्च चिकित्सा के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। प्रशासन ने व्यावसायिक और घरेलू रसोई में गैस सिलेंडर का उपयोग करते समय अत्यधिक सावधानी बरतें। गैस रिसाव की स्थिति में मुख्य वाल्व को तुरंत बंद कर दें और आग की लपटों से दूर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
