
मुनिकीरेती
चारधाम यात्रा के आगाज के साथ ही तीर्थयात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए टिहरी गढ़वाल पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हो गई है। रविवार को यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के लिए खुद SSP श्वेता चौबे धरातल पर उतरीं। उन्होंने भद्रकाली से लेकर तपोवन चौकी तक के संवेदनशील इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यात्रा मार्ग पर यातायात को निर्बाध रखने के लिए इस बार पुलिस आधुनिक तकनीक का व्यापक इस्तेमाल कर रही है।

एसएसपी ने बताया कि पूरे तपोवन और मुनि की रेती क्षेत्र में ड्रोन कैमरों के जरिए ट्रैफिक फ्लो पर नजर रखी जा रही है। कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से हर गतिविधि को ट्रैक किया जा रहा है, ताकि जाम लगने से पहले ही उसका समाधान निकाला जा सके। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने पार्किंग व्यवस्था और भीड़भाड़ वाले चौराहों का बारीकी से जायजा लिया। यातायात प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस ने प्रमुख मार्गों और चौराहों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया है। जाम की स्थिति उत्पन्न होते ही क्विक रिस्पॉन्स टीम को सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं। श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए जगह-जगह हेल्प डेस्क और पुलिस चौकियां अलर्ट मोड पर हैं।

टिहरी पुलिस की इस सक्रियता से उम्मीद जताई जा रही है कि यात्रा सीजन के दौरान श्रद्धालुओं को ऋषिकेश-तपोवन कॉरिडोर में जाम की समस्या से निजात मिलेगी और उनकी यात्रा सुरक्षित व सुव्यवस्थित रहेगी। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि चारधाम यात्रा को सुगम बनाना पुलिस का मुख्य लक्ष्य है। पुलिस बल को निर्देशित किया गया है कि वह यात्रियों के साथ संवेदनशीलता और तत्परता से पेश आएं। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
