
ऋषिकेश
टिहरी की एसएसपी श्वेता चौबे के प्रयासों से ऋषिकेश के निकट मुनिकीरेती में एक बेसहारा और मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। जिसे उचित देखभाल के लिए आश्रम में आश्रय भी दिलाया गया है। इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि पिछले कई दिनों से मुनि की रेती क्षेत्र के आस्था पथ के पास एक महिला बेहद दयनीय स्थिति में घूम रही थी। महिला की मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वह अपना सुध-बुध खो बैठी थी। जैसे ही इसकी सूचना एसएसपी टिहरी गढ़वाल को मिली, उन्होंने तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस को पुनर्वास के निर्देश दिए। कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने महिला से संपर्क किया।

पूछताछ के दौरान महिला ने अपना नाम इंदिरा बताया। लेकिन वह अपने घर या परिजनों के बारे में कुछ भी बताने में असमर्थ रही। पुलिस ने पहले महिला को स्नान कराया और साफ कपड़े पहनाए। उसे भोजन खिलाया। राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश में उसका संपूर्ण चिकित्सीय परीक्षण कराया। फिलहाल महिला की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने के लिए पुलिस टीम उसे स्वयं लेकर उत्तर प्रदेश के जनपद शामली स्थित अपना घर आश्रम पहुँची और उसे वहां सुरक्षित दाखिल कराया। यह एक प्रसिद्ध स्वयंसेवी संस्था है जो लावारिस, असहाय और मानसिक रूप से अस्वस्थ लोगों को आश्रय और चिकित्सा सहायता प्रदान करती है। पुलिस के इस नेक कार्य की आस्था पथ के आसपास के आश्रम स्वामियों, स्थानीय निवासियों और तीर्थयात्रियों द्वारा जमकर प्रशंसा की जा रही है। लोगों का कहना है कि पुलिस का यह रूप समाज में सुरक्षा के साथ-साथ सेवा और विश्वास की भावना को भी मजबूत करता है।
