
हरिद्वार
एसटीएफ और कनखल पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। संयुक्त टीम ने कोर्ट रोड रोशनाबाद से दो शातिर इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है, जो लंबे समय से लूट और अवैध हथियारों के मामलों में वांछित चल रहे थे। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पहले बदमाशों की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद एसटीएफ, थाना कनखल पुलिस और सीआईयू हरिद्वार ने संयुक्त रूप से जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। आरोपियों के नाम भानु प्रताप निवासी हस्तिनापुर मेरठ और राहुल कश्यप निवासी मवाना मेरठ है। भानु पर 25 और राहुल पर 5 हजार का इनाम है। पुलिस पूछताछ में इन बदमाशों ने जनपद में हुई कई बड़ी लूट की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। जिसमें मुख्य रूप से कनखल में बाइक लूट रानीपुर में तमंचे के बल पर सवा लाख रुपए नकदी और मोबाइल की लूट शामिल है। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार भानु प्रताप एक हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में लूट, शस्त्र अधिनियम और मारपीट के लगभग 8 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं राहुल कश्यप पर भी लूट और डकैती के गंभीर मामले दर्ज हैं। मुख्यमंत्री के कड़े निर्देशों के बाद पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के मार्गदर्शन में राज्य भर में इनामी अपराधियों की धरपकड़ तेज कर दी गई है। इस गिरफ्तारी को हरिद्वार पुलिस और एसटीएफ के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। इस बड़ी कार्रवाई में एसटीएफ के निरीक्षक यादविन्द्र सिंह बाजवा, एएसआई मनोज बेनीवाल, कान्सटेबल रवि पंत और दीपक चंदोला, पुलिस के निरीक्षक नरेंद्र सिंह बिष्ट, व.उ.नि. अनुज सिंह, हेड कांस्टेबल सन्नी, रवींद्र शामिल रहे।
