
ऋषिकेश
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को ऋषिकेश में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में चारधाम यात्रा-2026 का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में देश भर से आए श्रद्धालुओं की बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा के लिए पूरी तरह संकल्पित है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा केवल एक मार्ग नहीं, बल्कि आस्था और आत्मा को जोड़ने वाला अनुभव है।

मुख्यमंत्री ने स्वयं तैयारियों की समीक्षा की है ताकि हर श्रद्धालु देवभूमि से सुखद स्मृतियां लेकर लौटे। मुख्यमंत्री ने ऋषिकेश में स्थापित स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया और यात्रियों की सेहत के प्रति संवेदनशीलता जताई। उन्होंने बताया कि इस वर्ष ग्रीन चारधाम यात्रा और प्लास्टिक मुक्त केदारनाथ का लक्ष्य रखा गया है। यात्रा मार्गों पर नियमित सफाई और वाहनों में डस्टबिन अनिवार्य किया गया है। सीएम ने यात्रियों से स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने का आग्रह किया ताकि प्रदेश की अर्थव्यवस्था और रोजगार को बढ़ावा मिले।

कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने यात्रियों से सरकारी एडवाइजरी का पालन करने और स्वास्थ्य जांच के बाद ही यात्रा शुरू करने का निवेदन किया। उन्होंने बताया कि केदारनाथ में अस्पताल तैयार है और बद्रीनाथ में 50 बेड का अस्पताल जून तक तैयार हो जाएगा। परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने जानकारी दी कि इस वर्ष लैंडस्लाइड जोन और सिंगल लेन सड़कों पर शटल सर्विस की शुरुआत की गई है, जिसके लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए जाएंगे।
