
देहरादून
उत्तराखंड एसटीएफ और देहरादून पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन के तहत देश विरोधी गतिविधियों में शामिल एक संदिग्ध युवक को गिरफ्तार कर बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। गिरफ्तार आरोपी पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन अल बर्क ब्रिगेड और तहरीक-ए-तालिबान-हिन्दुस्तान (TTH) के सीधे संपर्क में था। जिसकी पहचान विक्रांत कश्यप निवासी झाझरा देहरादून के रूप में हुई है। पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि विक्रांत कश्यप दिवंगत पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला का प्रशंसक था। मूसेवाला की हत्या का बदला लेने की नीयत से वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हुआ। जहां पाकिस्तानी हैंडलर शहजाद भट्टी ने उसे बदला लेने के नाम पर बरगलाया और अपने जाल में फंसा लिया। धीरे-धीरे उसे स्लीपर सेल के रूप में तैयार किया। विक्रांत कश्यप पाकिस्तान में बैठे अपने आकाओं को देहरादून के पुलिस मुख्यालय झाझरा पुलिस चौकी आईएसबीटी देहरादून और कई सरकारी व सैन्य संस्थाओं की वीडियो फुटेज और लोकेशन भेज चुका है। पाकिस्तानी हैंडलर्स ने उसे इन स्थानों को बम से उड़ाने का टास्क भी दिया। साथ ही उसे दिल्ली में एक विशेष संगठन के कार्यकर्ताओं और सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता पर हैंड ग्रेनेड फेंकने का निर्देश भी मिला है। आतंकी संगठन भारत में अपना विस्तार करना चाहते थे। इसके लिए विक्रांत को देहरादून के सार्वजनिक स्थानों और फैक्ट्रियों की दीवारों पर स्प्रे पेंट से TTH लिखने का काम सौंपा। ताकि लोगों में दहशत फैलाई जा सके। उसने झाझरा और सेलाकुई क्षेत्र में कई जगह ऐसा किया भी। जिसके वीडियो उसने पाकिस्तान भेजे है। इन खतरनाक कामों के बदले पाकिस्तानी हैंडलर्स ने विक्रांत को नेपाल के रास्ते दुबई ले जाने और वहां स्थायी रूप से बसाने के साथ भारी मात्रा में धन देने का लालच दिया है। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में पंजाब के नाभा में भी रहा है। उसके मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण और संवेदनशील जानकारियां मिली हैं। जिनकी जांच केंद्रीय और राज्य की विभिन्न एजेंसियां मिलकर कर रही हैं। आरोपी के पास से 1 पिस्टल (.32 बोर), 07 जिंदा कारतूस, स्प्रे पेंट कैन और मोबाइल बरामद हुआ है।
