
ऋषिकेश
कोतवाली ऋषिकेश परिसर में क्षेत्र के पुलिस पेंशनर्स के साथ एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया। प्रभारी निरीक्षक की अध्यक्षता में हुई इस बैठक का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त पुलिस कर्मियों की समस्याओं को सुनना और उनके त्वरित निराकरण के लिए कदम उठाना रहस। बैठक के दौरान प्रभारी निरीक्षक ने सभी पेंशनर्स से उनकी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने पेंशनर्स के अनुभवों का लाभ उठाने और पुलिस बल के साथ उनके समन्वय को और मजबूत करने पर जोर दिया। मौके पर पूर्व पुलिस कर्मियों की शिकायतों और आवश्यकताओं को गंभीरता से नोट किया गया। प्रभारी निरीक्षक कैलाश चंद्र भट्ट ने आश्वासन दिया कि सभी जायज मांगों और समस्याओं का समयबद्ध व प्रभावी निस्तारण किया जाएगा। प्रभारी निरीक्षक ने वरिष्ठों का सम्मान करते हुए उन्हें आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजन नियमित रूप से किए जाएंगे ताकि वे खुद को विभाग से कटा हुआ महसूस न करें। इस अवसर पर पेंशनर्स ने भी पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाने के लिए अपने महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। विभाग ने इन सुझावों पर विचार करने और पेंशनर्स के कल्याण हेतु निरंतर प्रयास जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
