
ऋषिकेश
देवभूमि की मर्यादा और गंगा की पवित्रता को ठेस पहुंचाने वाले पर्यटकों के खिलाफ अब स्थानीय लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। ऋषिकेश में गंगा किनारे बैठकर शराब का सेवन कर रहे बाहरी पर्यटकों को बाइक रेंटल यूनियन के पदाधिकारियों ने न केवल फटकार लगाई, बल्कि उन्हें मौके से खदेड़ कर भविष्य के लिए चेतावनी भी दी। जानकारी के मुताबिक कुछ बाहरी पर्यटक गंगा तट की गरिमा को ताक पर रखकर सार्वजनिक रूप से शराब और बियर पी रहे थे। इस घटना की सूचना मिलते ही बाईक रेंटल यूनियन के अध्यक्ष अंकित गुप्ता और उनके साथी चेतन चौहान मौके पर पहुंचे। उन्होंने पर्यटकों की इस हरकत का कड़ा विरोध किया और स्पष्ट किया कि उत्तराखंड की संस्कृति में इस तरह की अश्लीलता और अनादर के लिए कोई स्थान नहीं है। यूनियन के अध्यक्ष अंकित गुप्ता ने इस घटना पर रोष व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पवित्र भूमि और हमारी धार्मिक आस्था के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऋषिकेश और गंगा तट करोड़ों लोगों की श्रद्धा का केंद्र हैं। जो लोग यहां घूमने आते हैं, उनका स्वागत है, लेकिन उन्हें यहां की परंपराओं और मर्यादाओं का सम्मान करना ही होगा। अंकित गुप्ता ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि ऐसे संवेदनशील स्थलों पर पुलिस की गश्त बढ़ाई जाए और सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी देवभूमि की शुचिता को भंग करने का दुस्साहस न कर सके। बाईक रेंटल यूनियन ने सभी आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि वह उत्तराखंड की संस्कृति का सम्मान करें और एक जिम्मेदार पर्यटक की भूमिका निभाएं। यूनियन ने साफ किया है कि यदि भविष्य में ऐसी हरकतें दोबारा देखी गईं, तो स्थानीय युवा चुप नहीं बैठेंगे।
