
किराये पर स्कूटी लेकर फरार होने वाले एक शातिर ठग को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दिल्ली निवासी यह ठग बेहद शातिर किस्म का है। जिस पर एसएसपी पौड़ी ने पांच हजार का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस की सटीक रणनीति और सतत मॉनिटरिंग के चलते इस ठग को सलाखों के पीछे भेजा गया है। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि बीती 13 मई 2025 को स्वर्गाश्रम रामझूला निवासी विष्णु शाहू ने कोतवाली लक्ष्मणझूला में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि एक व्यक्ति उनकी स्कूटी किराये पर लेकर गया, लेकिन समय पूरा होने के बाद भी उसे वापस नहीं किया। पुलिस ने तत्काल अज्ञात के खिलाफ़ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पता चला कि आरोपी अभिनव सिंह दिल्ली का रहने वाला है। वह पुलिस से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लक्ष्मणझूला पुलिस ने सर्विलांस और मुखबिर तंत्र का जाल बिछाया। अंततः पुलिस टीम ने अथक प्रयासों के बाद अभिनव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चौंकाने वाले खुलासे किए। बताया कि अभिनव सिंह नशे का आदी है और घुमक्कड़ प्रवृत्ति का है। वह स्कूटी लेकर सीधे पंजाब चला गया, जहां उसने हितेश नरूला नामक व्यक्ति को स्कूटी बेच दी। पुलिस अब उस व्यक्ति की तलाश और स्कूटी की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है। अभिनव के खिलाफ दिल्ली में भी धोखाधड़ी के दो गंभीर मामले दर्ज हैं।
