
उत्तराखंड एसटीएफ और रुद्रपुर पुलिस ने एक संयुक्त ऑपरेशन में बड़ी सफलता हासिल करते हुए राज्य में होने वाली एक संभावित गैंगवार को टाल दिया है। पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध असलहों के साथ एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है, जो अपने विरोधी गुट की हत्या करने की फिराक में था। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि रुद्रपुर क्षेत्र से संदीप चौहान उर्फ सनिया निवासी बिलासपुर, रामपुर यूपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के समय उसके पास से 3 तमंचे 315 बोर और 11 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। जांच में सामने आया कि संदीप चौहान का दूसरे गैंग के साथ पुराना विवाद चल रहा है और वह अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए घूम रहा था। एसटीएफ को सटीक इनपुट मिलते ही टीम ने दबिश दी, जिसमें सरगना संदीप तो पकड़ा गया, लेकिन उसके कुछ साथी भागने में सफल रहे। संदीप चौहान एक आदतन अपराधी है, जिस पर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के विभिन्न थानों में लूट, डकैती, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे करीब 12 गंभीर मामले दर्ज हैं। वह वर्तमान में रामपुर और ऊधमसिंह नगर के थानों से फरार चल रहा था। उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशों पर प्रदेश में सक्रिय गैंगस्टरों और अवैध हथियारों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बाहरी और संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन के दौरान एसटीएफ को इस शूटर के मूवमेंट की जानकारी मिली थी। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि हमारी टीमें जेलों में बंद अपराधियों और बाहर सक्रिय गैंग्स पर निरंतर नजर रख रही हैं। संदीप चौहान की गिरफ्तारी से एक बड़ी रक्तपात वाली घटना टल गई है। फरार अन्य अपराधियों की तलाश जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस घटना के तार और कहां-कहां जुड़े हैं।
