
जिला मुख्यालय स्थित गैलेक्सी होटल में हुई महिला की संदिग्ध मौत के मामले का रुद्रप्रयाग पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी मृतका के लिव-इन पार्टनर और उसके दोस्त को हरियाणा के पटियाला रोड थाना चीका से गिरफ्तार कर लिया है। आपसी विवाद और कहासुनी के बाद दोनों आरोपियों ने गला घोंटकर महिला की हत्या की है। घटना बीती 7 मार्च की है। एसपी निहारिका तोमर ने बताया कि जब गैलेक्सी होटल के संचालक ने पुलिस को सूचना दी थी कि उनके होटल में रुकी एक महिला बेहोश है और उसके साथ आए दो पुरुष गायब हैं। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर महिला को जिला अस्पताल भिजवाया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अगले दिन 8 मार्च को मृतका के भाई अकबर निवासी कुरुक्षेत्र ने शव की शिनाख्त अपनी बहन काजल के रूप में की। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अरुण और अक्षय के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू की। आज आरोपी गिरफ्तार हुए। बताया कि मुख्य आरोपी अरुण पिछले 4 साल से काजल के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में था। तीनों घूमने के इरादे से रुद्रप्रयाग पहुंचे और होटल में ठहरे। 7 मार्च को काजल और अरुण के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस और गाली-गलौज हुई। झगड़ा बढ़ने पर अरुण ने काजल के हाथ-पैर पकड़ लिए और अक्षय ने पहले हाथ से गला दबाया, फिर काजल की ही चुन्नी से गला घोंटकर उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद दोनों कमरे को ताला लगाकर फरार हो गए थे। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड है। बीते 24 जनवरी 2026 को दोनों को स्थानीय थाना चीका (हरियाणा) में स्नैचिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया था। सराहनीय कार्य करने वाली टीम में निरीक्षक सुरेश चन्द्र बलूनी, एसओजी प्रभारी रणजीत खनेड़ा, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह रावत, जावेद अली, और सर्विलांस टीम के मुख्य आरक्षी नवनीत सिंह सहित अन्य जवान शामिल रहे।
