
तीर्थनगरी ऋषिकेश में जंगली हाथियों का रिहायशी इलाकों की ओर रुख करना अब एक बड़ी चुनौती बनता जा रहा है। ग्रामीण इलाकों के बाद अब हाथियों ने शहरी क्षेत्रों में भी अपनी धमक बढ़ा दी है। बीती देर रात करीब डेड़ बजे एक हाथी ने ऋषिकेश के व्यस्त शहरी इलाकों का घंटों तक भ्रमण किया। हाथी ने बाईपास रोड से शहर की सीमाओं में प्रवेश किया और देखते ही देखते शहर के मुख्य हिस्सों तक जा पहुंचा। हाथी की मौजूदगी मुख्य रूप से कोयल घाटी, हरिद्वार रोड, एम्स रोड और गंगानगर क्षेत्र के आसपास में देखी गई। राहत की बात यह रही कि पूरे भ्रमण के दौरान हाथी शांत मुद्रा में ही नजर आया। इस दौरान सड़क से गुजर रहे लोग हाथी को देखकर सहम गए। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तुरंत सक्रिय हुई। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने हाथी को सुरक्षित तरीके से रिहायशी इलाके से खदेड़कर जंगल की ओर वापस भेजा। वन विभाग के कमल राजपूत ने बताया कि हाथी का बाईपास रोड से घुसकर बैराज तक पहुंचना एक लंबी मूवमेंट है। जो उनके लिए गहन मंथन और चिंता का विषय है। विभाग इस पैटर्न पर नजर रख रहा है। फिलहाल वन विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि भविष्य में हाथी शहरी क्षेत्र में दिखाई दे तो तत्काल वन विभाग को सूचित करें। हाथी के पास जाकर फोटो या वीडियो बनाने की कोशिश न करें। शोर मचाकर उसे उकसाने से बचें। हाथी की इस लंबी चहलकदमी ने वन महकमे की नींद उड़ा दी है और विभाग अब शहर की सुरक्षा को लेकर नई रणनीति बनाने पर विचार कर रहा है।
