
बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नीर गडू और मुनि की रेती के बीच आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां शिवपुरी की ओर से आ रही एक बोलेरो अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त वाहन सवार दो लोग घायल हुए हैं। बता दे कि आज मुनि की रेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत चौकी पर राहगीरों ने सूचना दी कि एक बोलेरो कार खाई में गिर गई है।

सूचना मिलते ही पुलिस की हिल पेट्रोल यूनिट तुरंत हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पुलिस ने देखा कि वाहन सड़क से करीब 100 मीटर नीचे खाई में गिरा है। HPU के जवानों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला और मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। इसके बाद 108 एम्बुलेंस के माध्यम से दोनों को तत्काल उपचार के लिए ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। गनीमत रही कि हादसे में जान का नुकसान नहीं हुआ, लेकिन दोनों सवार घायल अवस्था में पाए गए। हादसे में घायल हुए दोनों युवक उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद के निवासी है। जिनके नाम 25 वर्षीय आर्यन और 20 वर्षीय कमलेश पाल है। आर्यन दुर्घटना के दौरान सड़क के पास ही छिटक गया था जिसे हल्की चोटें आई हैं। जबकि कमलेश गाड़ी के साथ करीब 25 मीटर तक नीचे खाई में जाकर छिटका। उसके पैर में फ्रैक्चर हुआ है और शरीर पर कई गुम चोटें आई हैं।
