
रुद्रप्रयाग
आगामी श्री केदारनाथ धाम यात्रा 2026 को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग, सुश्री नीहारिका तोमर ने आज जनपद की सीमा सिरोबगड़ से लेकर गौरीकुण्ड तक के संपूर्ण यात्रा मार्ग का सघन स्थलीय निरीक्षण किया। एसपी ने राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) पर स्थित पांचों कोतवाली क्षेत्रों के मुख्य पड़ावों का बारीकी से निरीक्षण किया। यात्रा के दौरान उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए उन्होंने निम्नलिखित बिंदुओं पर विशेष ध्यान दिया। सिरोबगड़, गुप्तकाशी और सोनप्रयाग जैसे संवेदनशील इलाकों में यातायात प्रबंधन और पार्किंग स्थलों की समीक्षा की गई। भीड़ नियंत्रण के लिए महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती और उनके लिए बुनियादी सुविधाओं (पेयजल, शेल्टर) को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

यात्रा ड्यूटी में तैनात होने वाले पुलिसकर्मियों के ठहरने के लिए सिरोबगड़, अगस्त्यमुनि, गुप्तकाशी, फाटा और गौरीकुण्ड सहित विभिन्न चौकियों व बैरियरों पर स्थाई/अस्थाई आवासों का भौतिक निरीक्षण किया गया। पीक सीजन की चुनौतियों को देखते हुए एसपी ने अतिरिक्त बैरिकेडिंग, संचार उपकरणों और आपदा प्रबंधन किट की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आपातकालीन स्थिति में ‘त्वरित रिस्पांस’ पुलिस की प्राथमिकता होगी। एसपी ने बताया कि हमारा मुख्य उद्देश्य केदारनाथ आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित करना है। हम समय से पूर्व सभी कमियों को दूर कर एक सुव्यवस्थित यात्रा संचालन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। निरीक्षण दल में क्षेत्राधिकारी रुद्रप्रयाग प्रबोध कुमार घिल्डियाल, सीओ गुप्तकाशी विकास पुण्डीर, यातायात निरीक्षक कैलाश चन्द्र सहित विभिन्न थानों के प्रभारी और पुलिस कार्मिक उपस्थित रहे।

