
ऋषिकेश
अब बड़ी खबर ऋषिकेश से है जहां उत्तराखंड पुलिस के आईजी अनंत शंकर ताकवाले की कार देहरादून रोड पर एक सड़क हादसे का शिकार हो गई है। काली मंदिर के पास विपरीत दिशा से आ रही एक अनियंत्रित कार ने आईजी के वाहन को जोरदार टक्कर मारी है। गनीमत रही कि इस भीषण टक्कर में आईजी और अन्य सवार सुरक्षित हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टक्कर मारने वाली कार के चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई जिस कारण यह हादसा हुआ। हादसे के दौरान दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आईजी की कार घूमकर दूसरी दिशा में मुड़ गई। दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं, लेकिन किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। जानकारी के मुताबिक आईजी नरेंद्र नगर स्थित पुलिस ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित पासिंग आउट परेड में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के बाद उन्होंने मां कुंजापुरी मंदिर में दर्शन किए। वापसी में जब वह ऋषिकेश से होते हुए देहरादून जा रहे थे तब देहरादून की ओर से आ रही एक कार ने उनकी कार को सामने से टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने आईजी के लिए तुरंत दूसरे वाहन का प्रबंध कर उन्हें सुरक्षित देहरादून भेजा। क्षतिग्रस्त वाहन को रानीपोखरी थाने में खड़ा किया गया है। पुलिस आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
