
रुद्रपुर
एसटीएफ कुमाऊं यूनिट और थाना ट्रांजिट कैंप पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक फर्जी जन सेवा केंद्र का भंडाफोड़ किया है। जहां बाहरी राज्यों के लोगों को उत्तराखंड का निवासी दर्शाने के लिए फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और मार्कशीट तैयार की जा रही थी। SSP एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि ट्रांजिट कैंप क्षेत्र स्थित गंगवार जन सेवा केंद्र पर छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को रंगे हाथों फर्जी मार्कशीट बनाते हुए गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस ने 1 मॉनिटर, 1 सीपीयू, 1 प्रिंटर और 1 बायोमैट्रिक फिंगर स्कैनर, 42 फर्जी आधार कार्ड, 55 पैन कार्ड और 09 कूटरचित मार्कशीट बरामद की है। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त चेतन कुमार निवासी रामपुर ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। आरोपी ने बताया कि सिडकुल की कंपनियों में उत्तराखंड निवासियों को प्राथमिकता दी जाती है। इसका फायदा उठाने के लिए बाहरी राज्यों से आए लोग उत्तराखंड का पता दर्ज करवाने हेतु उसके पास आते थे।आरोपी एक विशेष सॉफ्टवेयर/एप्लीकेशन के जरिए ग्राहक के फोटो और पते को एडिट कर फर्जी आधार कार्ड प्रिंट करता था और इसके बदले मोटी रकम वसूलता था। पिछले एक साल में वह लगभग 400 से 500 लोगों के फर्जी दस्तावेज बना चुका है। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि एसटीएफ की टीमें लगातार अवैध रूप से रह रहे संदिग्ध व्यक्तियों और फर्जी तरीके से संचालित जन सेवा केंद्रों पर नजर रख रही हैं। इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने गंगवार जन सेवा केंद्र को सील कर दिया है और आरोपी के खिलाफ थाना ट्रांजिट कैंप में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस अभियान का नेतृत्व निरीक्षक विकास चौधरी और पर्यवेक्षण अपर पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार व पुलिस उपाधीक्षक आर.बी. चमोला ने किया।
