
उत्तराखंड में आईपीएस और पीपीएस अधिकारियों के हुए तबादले। देहरादून के पुलिस कप्तान अजय सिंह भी बदले।
उत्तराखंड पुलिस महकमे में भारी फेरबदल: 20 IPS और PPS अधिकारियों के तबादले, देहरादून और हरिद्वार को मिले नए कप्तान
देहरादून
उत्तराखंड सरकार ने पुलिस प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए भारतीय पुलिस सेवा और प्रांतीय पुलिस सेवा के 20 अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। गृह विभाग द्वारा जारी इस सूची में कई जिलों के कप्तान बदल दिए गए हैं, जबकि कुछ अधिकारियों को पदोन्नति के साथ नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सचिव शैलेश बगौली द्वारा जारी आदेश के अनुसार, देहरादून, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जैसे महत्वपूर्ण जिलों की कमान अब नए हाथों में होगी।
प्रमुख फेरबदल और नई तैनातियां तबादला सूची में सबसे महत्वपूर्ण नाम अजय सिंह और प्रमेंद्र डोबाल का है। हरिद्वार के एसएसपी रहे प्रमेंद्र डोबाल को अब राजधानी देहरादून का नया एसएसपी बनाया गया है। वहीं, देहरादून के एसएसपी रहे अजय सिंह को अब एसएसपी एसटीएफ की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। पहाड़ी जिलों में भी कानून व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बदलाव किए गए हैं।
अक्षय प्रहलाद कोंडे को रुद्रप्रयाग से हटाकर पिथौरागढ़ का नया एसपी बनाया गया है। रेखा यादव अब पिथौरागढ़ की जगह चम्पावत की कमान संभालेंगी। निहारिका तोमर को रुद्रप्रयाग का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है। चंद्रशेखर आर. घोड़के को बागेश्वर से अल्मोड़ा भेजा गया है। शासन की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी अधिकारी तत्काल प्रभाव से अपने नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करेंगे और इसकी सूचना शासन को उपलब्ध कराएंगे। इस फेरबदल को आगामी समय में राज्य की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक कसावट के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
