
ऋषिकेश
श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के दौरान आज उत्साह और प्रेरणा का माहौल रहा। प्रदेश के शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने छात्रों के बीच बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सुना और युवाओं का मनोबल बढ़ाया।
तनाव मुक्त परीक्षा, सफलता की कुंजी
छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि परीक्षा केवल एक मूल्यांकन है। परीक्षा के दौरान तनाव लेने से केवल मानसिक और शारीरिक नुकसान होता है। तनाव मुक्त होकर परीक्षा देने से छात्र न केवल बेहतर अंक प्राप्त करते हैं, बल्कि उनका स्वास्थ्य भी ठीक रहता है। प्रधानमंत्री के सुझावों को जीवन में उतारकर छात्र हर चुनौती का सामना कर सकते हैं।

भव्य उद्घाटन और सम्मान
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ शिक्षा मंत्री, भरत मंदिर के महंत वत्सल प्रपन्नाचार्य महाराज, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढोंडियाल और अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर सीनियर एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स ने शिक्षा मंत्री को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया। मंत्री ने कैडेट्स के अनुशासन और प्रशिक्षण की जमकर प्रशंसा की। मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढोंडियाल ने भी प्रधानमंत्री के सुझावों को छात्रों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम में प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी सहित वरिष्ठ प्रवक्ता लेफ्टिनेंट लखविंदर सिंह, शिव प्रसाद बहुगुणा, डॉ. सुनील दत्त थपलियाल और विद्यालय का समस्त स्टाफ व छात्र उपस्थित रहे।
