
ऋषिकेश
बापूग्राम क्षेत्र की 594 एकड़ वनभूमि सहित राज्य के अन्य आबादी वाले क्षेत्रों को डीनोटिफाई करने के प्रस्ताव पर प्रदेश मंत्रिमंडल ने अपनी सैद्धांतिक सहमति दे दी है। सरकार के इस फैसले के बाद बापूग्राम के धरना स्थल पर स्थानीय निवासियों ने आतिशबाजी कर और मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया। कैबिनेट के इस फैसले की खबर मिलते ही बापूग्राम स्थित धरना स्थल पर उत्सव जैसा माहौल बन गया। ग्रामीणों ने एक दूसरे को बधाई देते हुए इसे अपने लंबे संघर्ष और आंदोलन की जीत करार दिया। मौके पर पहुंचे विधायक प्रेमचंद अग्रवाल का स्थानीय लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर भव्य स्वागत और सम्मान किया। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नेताओं ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार ने एक बड़ी आबादी को उजड़ने से बचाने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाया है। स्थानीय लोगों ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार का यह प्रस्ताव जल्द ही केंद्र सरकार के पास पहुंचेगा और वहां से भी उन्हें अंतिम स्वीकृति मिलेगी।
मुख्यमंत्री के अपर सचिव बंशीधर तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन और भावी कार्रवाई के तहत यह प्रस्ताव कैबिनेट बैठक में

लाया गया था। इस प्रस्ताव में ऋषिकेश के बापूग्राम के अलावा बग्गा 54, बिंदुखत्ता और पौड़ी के भंजनी-अठली क्षेत्र में विंसार महादेव मंदिर से जुड़े इलाकों को शामिल किया गया है।
मंत्रिमंडल ने माना कि इन क्षेत्रों की भूमि अब वन स्वरूप में नहीं रही है और यहां लंबे समय से बड़ी आबादी निवास कर रही है। इसी आधार पर इन्हें वनभूमि की श्रेणी से बाहर करने का निर्णय लिया गया है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब वन विभाग संबंधित भूमि को डीनोटिफाई करने की आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया को पूरा करेगा।
