
ऋषिकेश
ऋषिकेश में एम्स के निकट शिवाजी नगर तिराहे के आसपास 50 मीटर जीरो जोन में अवैध रूप से लग रही ठेलियों के खिलाफ महादेव रेहड़ी पटरी ठेली संगठन ने मोर्चा खोल दिया है। संगठन के अध्यक्ष यशवंत सिंह रावत के नेतृत्व में वेंडरों वार्ड संख्या 26 शिवाजी नगर के पार्षद सुरेंद्र सिंह नेगी को ज्ञापन सौपा है। जिसमे प्रशासन की मदद से क्षेत्र को स्थायी रूप से अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वाले संगठन के मुताबिक वेंडर एम्स से करीब 200 मीटर दूर बाबा काली कमली बगीचे के पास वर्षों से व्यवस्थित तरीके से ठेली लगाकर अपने परिवार की रोजी-रोटी चला रहे हैं। वेंडरों का कहना है कि जीरो जोन में ठेलियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। आरोप है कि इनमें कई लोग झगड़ालू प्रवृत्ति के हैं। जो छोटी-छोटी बातों पर विवाद करते हैं और कई बार धमकी भी देते हैं। पूर्व में भी तिराहे पर ठेली लगाने वालों द्वारा विवाद पैदा किए जाने की बात पत्र में कही गई है, जो प्रशासन व पार्षद के संज्ञान में है। यशवंत रावत ने बताया कि तिराहे पर लग रही ठेलियों के कारण उनका व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। इस संबंध में नगर निगम और पुलिस को कई बार अवगत कराया गया है। लेकिन कार्रवाई नहीं होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है। ज्ञापन पर यशवंत सिंह रावत सहित नेम सिंह, विनीत नेगी, बीना रावत, विक्की वर्मा, मनीराम, हेमन्त शर्मा, विवेक जैन, सुनीता, बृजेश लाल राजभर, बिजेंद्र सिंह नेगी, वीरा कौर, नीता कौर, सरोज, मीरा, प्रमोद और राजकुमार शर्मा व अन्य लोगों के नाम व हस्ताक्षर दर्ज हैं।
