
ऋषिकेश
ऋषिकेश के आईडीपीएल क्षेत्र में उत्तराखंड के पारंपरिक लोक पर्व इगास का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ किया गया। इस अवसर पर जागर सम्राट प्रीतम भरतवाण के जागर और लोकगीतों को सुनने के लिए हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत, अनिल बलूनी और आयोजक पूर्व महापौर अनिता ममगाई ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह के दौरान सभी अतिथियों का सम्मान भी किया गया। अतिथियों ने क्षेत्रवासियों को इगास पर्व की बधाई देते हुए कहा कि अनिता ममगाई के द्वारा लगातार नौवीं बार उत्तराखंड का यह लोक पर्व मनाया जा रहा है। आज आईडीपीएल का ग्राउंड भी लोगों की भीड़ के आगे छोटा पड़ गया है। हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा है। यह देखकर बड़ी खुशी हो रही है कि युवा पीढ़ी अपने पर्वों और अपनी संस्कृति की तरफ दोबारा लौट रही है। कार्यक्रम के दौरान लोगों ने भैलो खेलकर खुशियां मनाई। मौके पर जागर सम्राट के लोकगीतों को सुनकर लोग खुद को नाचने से भी नहीं रोक पाए।
