
ऋषिकेश
सोमवार तड़के लक्ष्मण झूला चौक स्थित बंद दुकानों में अचानक आग लग गई। आग लगने से दो दुकानें जलकर राख हो गई, जबकि एक दुकान आंशिक रूप से जल गई। घटना के बाद से दुकान मालिकों का रो-रो कर बुरा हाल है। अंदाजा है कि इन दुकानों के जलने से लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। प्रथम दृष्टि शॉर्ट सर्किट होने की वजह से आग लगने की घटना हुई है। मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक 9 नवंबर की रात्रि लगभग 1 बजे तपोवन निवासी राघव सिंह ने पुलिस को बंद दुकानों के अंदर से सफेद धुआं उठने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कंट्रोल रूम के माध्यम से फायर सर्विस को सूचित किया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां सायरन बजाते हुए मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाना शुरू किया। करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। जब तक आग बुझी तब तक दो दुकानें जलकर राख हो गई, जबकि एक दुकान आंशिक रूप से जल गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि आग सबसे पहले गंगा डेली नीड्स में लगी हुई दिखाई दी। कुछ ही देर में आग ने नमस्ते ऋषिकेश नाम से कपड़े की दुकान और गढ़वाल जेम्स नाम की दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। गढ़वाल जेम्स की दुकान आंशिक रूप से जली है। इंस्पेक्टर प्रदीप चौहान ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर तीनों दुकानों के मालिक और आसपास के नागरिक मौके पर एकत्रित हो गए। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
