ऋषिकेश
ऋषिकेश में विकास कार्यों के नाम पर जगह-जगह खोदी जा रही सड़कें अब आम जनता के लिए भारी मुसीबत का कारण बन गई हैं। सड़कों पर बने गड्ढों के कारण जहां लोगों का आवागमन बाधित हो रहा है, वहीं ट्रैफिक व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित होती हुई दिखाई दे रही है। हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि टूटी सड़कों से लगातार उड़ती धूल का गुबार लोगों के सांसों पर संकट खड़ा कर रहा है। डॉक्टरों ने बढ़ती धूल और प्रदूषण को लेकर गंभीर चिंता जताई है।

ऋषिकेश के उप जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ सर्जन डॉ. लोकेश सलूजा ने बताया कि शहर में चल रहे निर्माण कार्यों के कारण धूल बहुत अधिक उड़ रही है। धूल का सबसे अधिक दुष्प्रभाव सांस की बीमारियों से पीड़ित मरीजों और दिल के मरीजों पर पड़ रहा है। जिससे उनकी परेशानी काफी बढ़ सकती है।

छोटे बच्चे अधिक संवेदनशील होते हैं, इसलिए यह धूल उनके लिए भी बीमारियों का बड़ा कारण बन सकती है। बदलते मौसम के कारण पहले से ही कफ और कोल्ड की समस्या बढ़ रही है, और यह धूल इस समस्या को और अधिक बढ़ावा दे रही है।
