रायवाला/ऋषिकेश
ऋषिकेश के शिवाजी नगर से पिछले दो दिनों से लापता महिला की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई है। घटना 5 अक्टूबर की रात रायवाला और वीरभद्र रेलवे स्टेशन के बीच घटित हुई। मृतका की पहचान शिवाजी नगर गली नंबर 20 निवासी कविता के रूप में हुई है।
घटना का विवरण
रायवाला पुलिस के अनुसार रात लगभग 9:41 बजे रायवाला रेलवे स्टेशन के पॉइंट्समैन गजराज सिंह ने सूचना दी कि ट्रेन संख्या 14887 के लोको पायलट ने वीरभद्र-रायवाला के मध्य सत्यनारायण मंदिर से गौरी माफी जाने वाले रास्ते पर स्थित जंगलात चौकी के पास रेलवे पुलिया पर एक महिला के ट्रेन से रन ओवर (कटने) की जानकारी दी है। सूचना मिलते ही पुलिस बल और चीता मोबाइल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर महिला का शव पड़ा मिला। मृतका के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज़ बरामद नहीं हुआ। जिसकी उम्र लगभग 40 वर्ष आंकी गई। इसके अलावा मृतका ने क्रीम रंग की मैक्सी और पीले रंग का प्लाजो पहना हुआ था।

गले में मंगलसूत्र कानों में बाली और पैरों में पायल भी थी। दाहिने हाथ पर टैटू बना हुआ भी दिखाई दिया। रायवाला थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि स्थानीय पूछताछ और सोशल मीडिया पर प्रसारित गुमशुदगी के संदेशों के मिलान के बाद महिला की पहचान शिवाजी नगर ऋषिकेश निवासी कविता के रूप में हुई। परिजनों के अनुसार, वह दिनांक 4 अक्टूबर की रात लगभग 9 बजे घर से बिना बताए कहीं निकल गई थीं। आखिरी बार उन्हें रात 9 बजे शिवाजी नगर से एम्स की ओर जाते हुए देखा गया था। घटनास्थल पर 108 एम्बुलेंस को बुलाकर शव को पोस्टमार्टम और अग्रिम कार्रवाई के लिए एम्स ऋषिकेश भेजा गया।
घटना की खबर मिलते ही शिवाजी नगर क्षेत्र और पीड़ित परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय निवासियों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह असीम दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
