ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवक परिसर की बिल्डिंग पर लगे ऊंचे टावर पर जा चढ़ा। युवक ने अपनी मांगें पूरी न होने तक नीचे न उतरने की चेतावनी दी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और मंडी प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर युवक से बातचीत कर उसे सकुशल नीचे उतारने के प्रयास में जुटी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 9 बजे हरीश पांडे नाम का युवक मंडी समिति की इमारत पर स्थापित टावर पर चढ़ गया। टावर से ही मोबाइल पर बात करते हुए युवक ने मंडी प्रशासन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए। युवक का कहना है कि वह लंबे समय से मंडी परिसर में काम कर रहा है, लेकिन अत्यधिक किराए के कारण अपना कारोबार आगे नहीं बढ़ा पा रहा है। उसने आरोप लगाया कि मंडी परिसर में अनाधिकृत रूप से भारी किराया वसूल कर व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है और नया लाइसेंस बनाने के एवज में 5 लाख रुपये की घूस मांगी जा रही है। युवक का दावा है कि वह मंडी के इसी ‘भ्रष्ट तंत्र’ की पोल खोलने के लिए टावर पर चढ़ने को मजबूर हुआ।
स्थानीय पार्षद ने खोला मोर्चा
घटना की सूचना पर पहुंचे स्थानीय पार्षद रामकुमार संगर ने युवक के आरोपों का समर्थन करते हुए मंडी अधिकारियों को आड़े हाथों लिया। पार्षद ने कहा कि मंडी समिति में भ्रष्टाचार चरम पर है और गरीब लोगों की कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही। शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जाती। उन्होंने आरोप लगाया कि कई वर्षों से एक ही स्थान पर जमे अधिकारी भ्रष्टाचार को बढ़ावा दे रहे हैं।
मंडी प्रशासन की सफाई
दूसरी ओर, कृषि उत्पादन मंडी समिति के सहायक शेखर ने बताया कि युवक किस वजह से टावर पर चढ़ा है, इसकी सही जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि युवक किसी के बहकावे में आकर यह कदम उठा रहा है, क्योंकि वह लगातार फोन पर किसी के संपर्क में है। अधिकारी के अनुसार, युवक ने अपनी समस्याओं को लेकर मंडी समिति को पूर्व में कोई प्रार्थना पत्र नहीं दिया था। साथ ही, उन्होंने स्पष्ट किया कि युवक न तो मंडी समिति का पंजीकृत व्यापारी है और न ही वहां का पल्लेदार है। फिलहाल, पुलिस बल मौके पर तैनात है और लाउडस्पीकर व फोन के जरिए युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिशें जारी हैं।
