ऋषिकेश
किच्छा नगरपालिका चुनाव के दौरान विधायक तिलक राज बेहड़ के साथ हुई कथित हाथापाई और हमले की घटना के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा है। मामले को लेकर श्यामपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। पुतला दहन के दौरान प्रदेश महासचिव जयेंद्र रमोला ने प्रदेश सरकार की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी में एक चुने हुए जनप्रतिनिधि पर हमला होना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। रमोला ने आरोप लगाया कि भाजपा राज में अराजक तत्वों को बढ़ावा मिल रहा है और यह घटना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सीधा हमला है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि किच्छा की घटना ने जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं को कटघरे में खड़ा कर दिया है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर चुप नहीं बैठेगी और जनता के बीच मजबूती से आवाज उठाएगी। श्यामपुर ब्लॉक अध्यक्ष विजयपाल पंवार ने कहा कि सत्ता के दबाव में जनप्रतिनिधियों के सम्मान से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

विधायक बेहड़ के समर्थन में पूरा कांग्रेस संगठन एकजुट है। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम में वरिष्ठ उपाध्यक्ष कांता प्रसाद कंडवाल, उपाध्यक्ष सत्याभामा, श्यामपुर मंडलम अध्यक्ष सनमोहन सिंह रावत, गुमानीवाला मंडलम अध्यक्ष रविन्द्र दत्त उनियाल, उपाध्यक्ष सरदार वारयाम सिंह, महासचिव हेमू पुंडीर, पूर्व प्रधान सतीश रावत, धर्मेन्द्र सिंह, विनोद पोखरियाल, महासचिव बीना बडोला, पुनीत कुमार शर्मा, सचिव इंदू, आभा, मीना थापा, हर्ष कुमार, रोहित नेगी, हर्षपति सेमवाल, विनोद रावत, जीतू रांगड़ सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
