हरिद्वार
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया। यहां एक युवक ने प्रेम प्रसंग के शक में अपनी ही बहन और एक अन्य युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सुबह-सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला गांव
पुलिस के मुताबिक घटना सुबह करीब 8:35 बजे की है। झबरेड़ी कलां गांव निवासी आरोपी अमन पुत्र रामकुमार कश्यप को अपनी 26 वर्षीय बहन रूपा और गांव के ही सूरज उर्फ मुन्ना के बीच प्रेम प्रसंग का शक था। इसी विवाद के चलते अमन ने दोनों को निशाना बनाते हुए गोलियां चला दीं। अचानक हुई गोलीबारी से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल रूपा और सूरज को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आरोपी पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे, पुलिस की 3 टीमें गठित
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी अमन का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आ रहा है। आरोपी घटना के बाद से फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 3 विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेजकर पूरे मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
