ऋषिकेश
लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र अंतर्गत संदिग्ध परिस्थितियों में निर्माणाधीन इमारत की तीसरी मंजिल से गिरकर एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है। लक्ष्मण झूला पुलिस के मुताबिक ऋषिकेश के चंद्रेश्वर नगर का रहने वाला 30 वर्षीय अनिल पुत्र भारत मुखिया निर्माणाधीन इमारत में काम कर रहा था। काम के दौरान अचानक तीसरी मंजिल से अनियंत्रित होकर वह सीधे जमीन पर आ गिरा। हादसे के तुरंत बाद साथी मजदूर गंभीर रूप से घायल अनिल को उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और उसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रकाश पोखरियाल ने बताया कि पूछताछ के बाद प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि काम करने के दौरान मजदूर को अचानक चक्कर आ गया, जिसके कारण वह संतुलन खोकर नीचे गिर पड़ा। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मजदूर के नीचे गिरने के स्पष्ट कारण पता चल पाएंगे।
