ऋषिकेश
हरिद्वार रोड स्थित श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्थापना दिवस के अवसर पर एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान एनएसएस स्वयंसेवियों ने कॉलेज परिसर में सघन स्वच्छता अभियान चलाकर श्रमदान किया और कूड़े का उचित निस्तारण कर स्वच्छता का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के एनएसएस सभागार में छात्र छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुआ।

बौद्धिक सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रख्यात चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. राजे नेगी ने विद्यार्थियों को मोबाइल नहीं मैदान चुनें का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को स्क्रीन की दुनिया से बाहर निकलकर खेल के मैदानों का रुख करना चाहिए। उन्होंने अत्यधिक मोबाइल उपयोग से होने वाले शारीरिक व मानसिक दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए नेत्र स्वास्थ्य, इसके लक्षणों, बचाव के उपायों और आंखों की देखभाल पर चिकित्सीय परामर्श दिया।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी संजीव चौधरी ने बताया कि स्थापना दिवस पर आयोजित इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व, अनुशासन और जनजागरूकता का विकास करना है।

उन्होंने एक स्वच्छ परिसर और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए हर नागरिक की सहभागिता को जरूरी बताया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य यमुना प्रसाद त्रिपाठी, उप प्रधानाचार्य एवं एनसीसी अधिकारी लखविंदर सिंह, प्रवक्ता एसपी बहुगुणा, डॉ. सुनील दत्त थपलियाल, विकास नेगी, अजय कुमार, संजीव कुमार, रंजन अंथवाल, जयकृत रावत, ज्योति शर्मा, शालिनी कपूर सहित शिक्षक कर्मचारी व बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवी उपस्थित रहे।
