ऋषिकेश
श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को ऑनलाइन हेली सेवा उपलब्ध कराने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ रुद्रप्रयाग पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने श्रद्धालुओं से 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी राहुल थापा निवासी देहरादून को ऋषिकेश से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने दो मोबाइल, एटीएम, बैंक की चेक बुक और अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। मामले का खुलासा करते हुए एसपी निहारिका तोमर ने बताया कि अगस्त माह में कोतवाली गुप्तकाशी में करण गुजराल निवासी पुणे की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़ित से केदारनाथ यात्रा के लिए हेलीकॉप्टर टिकट बुक करने के नाम पर लगभग 5 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई थी। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पैसों के लालच में फर्जी वेबसाइट और लिंक के जरिए श्रद्धालुओं को हेली टिकट का झांसा देता था। पुलिस बरामद इलेक्ट्रॉनिक और बैंक दस्तावेजों की गहनता से जांच कर रही है। आरोपी द्वारा कुछ स्थानीय होटल संचालकों और फर्जी हेली प्रदाता कंपनियों के बारे में भी अहम जानकारी दी गई है, जिस पर आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस टीम में शामिल सदस्य: उपनिरीक्षक दिनेश सती (चौकी प्रभारी फाटा, कोतवाली गुप्तकाशी) मुख्य आरक्षी जयप्रकाश (चौकी फाटा, कोतवाली गुप्तकाशी) रुद्रप्रयाग पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील: रुद्रप्रयाग पुलिस ने समस्त श्रद्धालुओं एवं आमजन से सावधान रहने का आग्रह किया है: अधिकृत पोर्टल: केदारनाथ यात्रा हेतु हेली सेवा की बुकिंग केवल IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट https://www.heliyatra.irctc.co.in/ से ही करें। सावधानी बरतें: किसी भी अनाधिकृत वेबसाइट, सोशल मीडिया लिंक या अज्ञात व्यक्ति के बहकावे में आकर बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर न करें। हेल्पलाइन नंबर: यदि आपके साथ किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
