

ऋषिकेश
तीर्थनगरी ऋषिकेश को शर्मसार कर देने वाले एक सनसनीखेज मामले में पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी समेत होटल के मैनेजर और संचालक को सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी के पास से बरामद मोबाइल ने इस घिनौने अपराध की पूरी सच्चाई भी उगल दी है। जिसमें पीड़िता की अश्लील तस्वीरें और वीडियो मिले हैं। इस बरामदगी ने आरोपी की बेहद घटिया और शातिराना मानसिकता को बेनकाब कर दिया है। साफ है कि वह वारदात के बाद पीड़िता को ब्लैकमेल करने या उसकी जिंदगी पूरी तरह तबाह करने के मनसूबे पाल रहा था। एसपी जया बलूनी ने बताया कि मुजफ्फरनगर जानसठ निवासी सोफियान 16 वर्षीय नाबालिग को पुराना रेलवे स्टेशन के पास Hotel Ganga Inn में ले गया। वहां आरोपी ने मासूम के साथ मारपीट की और उसकी चीखों को दरकिनार करते हुए हैवानियत की हदें पार कर दीं। दरिंदगी के बाद जब नाबालिग की हालत बेहद गंभीर हो गई, तो परिजनों को घटना की जानकारी हुई। बदहवास परिजन उसे तुरंत एम्स (AIIMS) ऋषिकेश ले गए, जहां उसका इलाज चल रहा है। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
हरिद्वार से दबोचा गया मुख्य आरोपी, मोबाइल ने खोले राज
पुलिस टीम ने डिजिटल और मैनुअल सर्विलांस का सहारा लेते हुए मुख्य आरोपी सोफियान को हरिद्वार के सिंहद्वार फ्लाईओवर के पास से घेरकर गिरफ्तार कर लिया। जब पुलिस ने आरोपी के मोबाइल की जांच की, तो उसमें घटना के वक्त की पीड़िता की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बरामद हुए। इससे यह स्पष्ट होता है कि आरोपी न केवल हैवानियत पर आमादा था, बल्कि वह पीड़िता को मानसिक रूप से हमेशा के लिए अपने चंगुल में फंसाने का खतरनाक जाल बुन रहा था।
होटल प्रबंधन की आपराधिक साठगांठ: कैमरे बंद कर छुपाए सबूत
जांच में होटल प्रशासन की बेहद गैर-जिम्मेदाराना और आपराधिक भूमिका भी सामने आई। नियमों को ताक पर रखकर होटल प्रबंधन ने बिना किसी वैध पहचान पत्र के नाबालिग को कमरा दे दिया। इतना ही नहीं, जब दुष्कर्म की घटना का पता चला, तो पुलिस को सूचना देने के बजाय मामले को दबाने की कोशिश की। साक्ष्य मिटाने की नीयत से पीड़िता को बाहर निकलते समय होटल के सीसीटीवी कैमरे तक बंद कर दिए। पुलिस ने साक्ष्यों से छेड़छाड़ और अपराध में संलिप्तता के आधार पर होटल मैनेजर वैभव गुप्ता और संचालक राहुल अग्रवाल को भी गिरफ्तार कर लिया है।
जनता में भारी आक्रोश
इस जघन्य अपराध और होटल प्रबंधन की काली करतूत की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित नागरिकों ने होटल के बाहर जमकर हंगामा किया और आरोपियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि ऐसे अपराधियों और उनका साथ देने वाले होटल संचालकों को बख्शा नहीं जाएगा।
