

रायवाला
मोतीचूर फ्लाईओवर पर स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (जौलीग्रांट) की बस के चालक को जान से मारने की नीयत से गाड़ी चढ़ाने और मौके से फरार होने वाले आरोपी थार चालक को रायवाला पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त थार गाड़ी को भी बरामद कर लिया है।
अदालत में सरेंडर की फिराक में था आरोपी
कोतवाल कमल कुमार ने बताया कि घटना 13 अगस्त की है, जब जौलीग्रांट विश्वविद्यालय की बस छात्रों और स्टाफ को लेकर हरिद्वार जा रही थी। नेपाली फार्म के पास आरोपी देव चौधरी निवासी हरिद्वार अपनी थार गाड़ी को बस के आगे-पीछे खतरनाक तरीके से दौड़ाने लगा। मोतीचूर फ्लाईओवर पर जब बस चालक ने इस बाबत आपत्ति जताई, तो गुस्से में आकर आरोपी ने सीधे बस चालक पर थार चढ़ा दी और उसे कुछ दूरी तक घसीटता हुआ ले गया।
पूछताछ में खुला चौंकाने वाला राज
पुलिस की कड़ाई से पूछताछ में आरोपी देव चौधरी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि:
पीछा करने की वजह: बस में उसकी एक परिचित छात्रा सवार थी, जिस कारण वह लगातार बस का पीछा कर रहा था।
गुस्से में वारदात: बहस होने पर उसने आपा खो दिया और चालक पर गाड़ी चढ़ा दी।
फरारी और वाहन: घटना के बाद वह गाड़ी घर पर खड़ी कर मेरठ में अपनी रिश्तेदारी में छुप गया था। थार गाड़ी उसके पिता के दोस्त संदीप कुमार के नाम पर पंजीकृत है, जिसे वह 2022 से चला रहा था।
मामला दर्ज होने के बाद से ही पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी। आरोपी जब ऋषिकेश कोर्ट में आत्मसमर्पण (सरेंडर) करने की फिराक में आ रहा था, तभी पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
