

ऋषिकेश
राष्ट्रीय हिंदू शक्ति संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राघवेंद्र भटनागर ने अपने कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान देश और प्रदेश में तेजी से फैल रहे नशे के कारोबार पर गहरा आक्रोश और चिंता व्यक्त की है।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि आज देश की स्वतंत्रता को 80 वर्ष पूर्ण होने जा रहे हैं। जिन वीर पुरोधाओं ने देश को इस मुकाम तक पहुंचाया, उसके बाद अब आगे का दायित्व युवाओं और ‘GenZ’ पीढ़ी के कंधों पर है। देश का भविष्य, सत्ता और आधुनिकीकरण इन्हीं युवाओं के हाथों में है, लेकिन आज युवा नशाखोरी के दलदल में धकेला जा रहा है।
’ज़ॉम्बी नशे’ की एंट्री पर कड़ा प्रहार
राघवेंद्र भटनागर ने कहा कि देश में नशे का नया खतरनाक दौर देखने को मिल रहा है। चीन से शुरू हुआ और अमेरिका में तबाही मचाने वाला भयानक ‘ज़ॉम्बी नशा’ अब देहरादून और प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी पैर पसार रहा है। यह नशा कहां से आ रहा है और कौन लोग युवाओं तक इसे पहुंचा रहे हैं, इसकी गहन जांच होनी चाहिए।
सख्त कानून की मांग
उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत का युवा ही देश की असली प्राणशक्ति है। युवाओं को नव-चेतना और नव-जागरण के दौर में अपनी संस्कृति और सभ्यता को अपनाना चाहिए, न कि पश्चिमी नशे की गिरफ्त में आना चाहिए।
- पीएम और सीएम को ज्ञापन: भटनागर ने बताया कि इस जानलेवा नशे पर अविलंब रोक लगाने और कड़े से कड़ा नशा-विरोधी कानून लागू करने की मांग को लेकर वे शीघ्र ही उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन सौंपेंगे।
- युवाओं से अपील: उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूरी बनाकर राष्ट्र निर्माण और भारत के उज्जवल भविष्य में अपना योगदान दें।
